गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका

आठ विधायक भाजपा में शामिल

पणजी। कांगेस पार्टी जहां एक ओर भारत जोडो यात्रा निकाल ली है और भ्रमण कर रही है वहीं इसे झटका लगना भी शुरू हो गया है। गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने आज ही कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया था। इसके बाद इन विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भी मुलाकात की थी।
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में दिगंबर कामत,  माइकल लोबो,  डी लोबो,  राजेश फलदेसाई,  केदार नायक,  संकल्प अमोनकर,  अलेक्सो सिकेरा और रुडॉल्फ फर्नांडिस जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी विधायक सीएम प्रमोद सावंत की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम सावंत ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं लेकिन गोवा से कांग्रेस छोड़ो यात्रा शुरू हो चुकी है।
विदित हो कि 40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में भाजपा के पास 20 विधायक थे। वहीं कांग्रेस के पास 11 सीटें थीं। इसके अलावा महाराष्ट्रवादी गोमांतक के पास दो व गोवा फॉरवर्ड पार्टी की एक सीट है। वहीं अन्य के खाते में छह सीटें हैं। कांग्रेस के आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होते ही कांग्रेस के पास विधानसभा में सिर्फ तीन सीटे ही बची हैं। वहीं भाजपा की संख्या बढ़कर 28 हो गई। इसके साथ ही गोवा कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा के अंदर भाजपा में विलय का प्रस्ताव पारित किया। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने सात अन्य विधायकों की मौजूदगी में प्रस्ताव पेश किया जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक दिगंबर कामत ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.