कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में होंगे शामिल

कई पूर्व मंत्री भी जाएंगे साथ

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 19 सितंबर को भाजपा में शामिल होंगे। उनके करीबी पंजाब के 5-6 पूर्व मंत्री भी भाजपा की सदस्यता लेंगे। साथ ही अमरिंदर की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय होगा।

   भाजपा के पास पंजाब में फिलहाल दो ही सीटें हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के भाजपा में विलय की चर्चाओं ने उस समय जोर पकड़ा था, जब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करीब पौने घंटे तक मीटिंग की थी। हालांकि मीटिंग के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बाहर निकलकर पंजाब लोक कांग्रेस के भाजपा में विलय के सवाल को नकारते हुए इन्हें केवल अटकलें बताया था, लेकिन अमरिंदर सिंह ने गत 30 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। इसके बाद कैप्टन ने ट्विटर पर लिखा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात करके पंजाब के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करके राज्य और देश की सुरक्षा के लिए संयुक्त रूप से काम करने का संकल्प लिया जो हम दोनों के लिए हमेशा सर्वोपरि रहा है और रहेगा।
बता दें कि भाजपा पंजाब में पार्टी का पुनर्गठन करने की तैयारी में हैं, क्योंकि वर्तमान भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। ऐसे में पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय होने के बाद पार्टी कैप्टन के करीबियों को पंजाब में अहम जिम्मेदारियां सौंप सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.