हर्ष महाजन ने थामा बीजेपी का दामन

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को जोर का झटका लगा है। वहीं बीजेपी के कुनबा बढ़ गया है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रहे हर्ष महाजन ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। हिमाचल प्रदेश चुनाव से पहले यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
बता दें कि हर्ष महाजन वीरभद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वो पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के खास लोगों में शुमार थे। हर्ष महाजन 1993 से लेकर 2007 तक तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। बीजेपी का दामन थामने के बाद पूर्व कांग्रेस नेता हर्ष महाजन ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस दिशाहीन हो गई है, नेतृत्व विहीन हो गई है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के पास न तो विजन हैं न ही नेता है और न जमीनी स्तर पर काम करने के लिए कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए भाजपा जॉइन की है। भाजपा जॉइन करने के बाद हर्ष महाजन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।
विदित हो कि हर्ष महाजन से पहले वीरभद्र सिंह के खास रहे पूर्व वर्किंग प्रेसिडेंट एवं विधायक पवन काजल भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दाम थाम चुके हैं। चुनावी बेला में कांग्रेस का कुनबा निरंतर बिखरता जा रहा है। एक माह पहले ही नालागढ़ से विधायक लखविंद्र राणा ने भी कांग्रेस छोड़ भाजपा जॉइन की है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने हर्ष महाजन के बीजेपी में शामिल होने को लेकर कहा कि खुशी की बात है कि हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता जिन्होंने 45 साल तक प्रदेश की जनता की अलग-अलग पदों पर रहकर सेवा की वो आज बीजेपी में शामिल हो गये हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.