वोट सही दिशा में तो कांवड यात्रा गलत मे कर्फ्यू
बिजनौर। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को बिजनौर के जेवीएस रिसोर्ट में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि ये महात्मा विदुर की भूमि है, ऐसे में यही चाहता हूं कि आप प्रबुद्धजनों का आशीर्वाद हमारे एनडीए गठबंधन प्रत्याशियों को मिले। लोग कहते थे कि यहां रात को नहीं रुकना चाहिए, मगर मैं यहां रुका भी और यहां के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी किया। सीएम योगी ने कहा कि बिजनौर में विदुर कुटी से ही गंगा की धारा होकर गुजरेगी। बिजनौर से ही संस्कृत और संस्कृति की धारा फूटेगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यहां का इतिहास पांच हजार साल पुराना है। भगवान कृष्ण भी यहां आए थे और उन्होंने यहां पर सरसों का साग खाया था।
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा बसपा और कांग्रेस जब सत्ता में आती हैं तो अपने परिवार तक सीमित रह जाती हैं। वहीं, बीजेपी सरकार का उद्देश्य सबका साथ और सबका विकास है। बता दें कि बिजनौर लोकसभा सीट से आरएलडी प्रत्याशी चंदन चौहान और नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट से बीजेपी के ओम कुमार प्रत्याशी हैं। योगी ने कहा कि ये महात्मा विदुर की भूमि है ऐसे में यही चाहता हूं कि आप प्रबुद्धजनों का आशीर्वाद हमारे दोनों प्रत्याशियों को मिले। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि आप जानते हैं कि आपकी एक वोट की कीमत क्या होती है। अगर वह वोट सही दिशा में जाए तो कांवड़ यात्रा निकलती है और गलत हाथों में जाए तो कर्फ्यू लगा देता है। एक वोट गलत हाथों में जाता है तो वो अराजकता फैलाती है और अगर वही वोट सही दिशा में जाता है सही पार्टी के पास जाता है तो आस्था का सम्मान करा देता है। ऐसे ही जैसे 500 वर्षों का इतंजार अयोध्या धाम में समाप्त हुआ है और रामलला विराजमान हुए हैं।
