हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ हेमंत पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
राची। झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। ये याचिका उनके अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने डाली है। बीते दिनों हाईकोर्ट की डबल बेंच ने उनकी गिरफ्तारी को सही ठहराते हुए याचिका को खारिज कर दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
कपिल सिब्बल ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए सीजेआई के समक्ष मामले का उल्लेख किया। सीजेआई ने कहा कि वह अनुरोध पर गौर करेंगे। 3 मई को झारखंड हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली सोरेन की रिट याचिका खारिज कर दी थी और उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था। अपनी याचिका में सोरेन ने दावा किया है कि उनकी गिरफ्तारी अनुचित थी और मामले में उनकी रिमांड मनमाना और अवैध थी।
विदित हो कि श्री सोरेन को ईडी ने जनवरी में भूमि घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। फिलहाल न्यायिक हिरासत में चल रहे सोरेन रांची की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद हैं।
