माओवादियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, जवान घायल

गुमला। झारखंड के गुमला जिले से 80 किमी दूर चैनपुर प्रखंड के कुरूमगढ़ थाना स्थित रोरेद जंगल में भाकपा माओवादियों द्वारा आईईडी बम ब्लास्ट किया गया। इस घटना से छापामारी अभियान में निकले सीआरपीएफ के जवान रॉबिन्स कुमार घायल हो गये। इस ब्लास्ट में उनका पैर क्षतिग्रस्त हो गया है। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार आईईडी बम ब्लास्ट करने के बाद भाकपा माओवादियों ने सीआरपीएफ पर फायरिंग की। सीआरपीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद कमजोर पड़ता देख भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर बुद्धेश्वर उरांव अपने दस्ते के साथ भाग निकला। बताया जाता है कि गुरुवार को सीआरपीएफ के जवान नक्सलियों के खिलाफ कुरूमगढ़] रोरेद, सिविल व आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जब रोरेद जंगल में सीआरपीएफ के जवान पहुंचे तो नक्सलियों ने आईईडी बम ब्लास्ट कर दिया जिसमें सीआरपीएफ के जवान रॉबिन्स कुमार घायल हो गये।
