बिना मतलब की राजनीति कर रहे हैं तेजस्वी : चिराग पासवान

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)  के दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद केंद्रीय मंत्री और सांसद चिराग पासवान पटना पहुंचे। इस दौरान पटना एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि दूसरी बार मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मैं पार्टी के तमाम साथियों, कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं। मैं सभी को यह विश्वास दिलाता हूं कि पार्टी को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी मेहनत और इमानदारी से काम करूंगा। बंगाल की हालत पर राष्ट्रपति के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग पासवान ने कहा कि बंगाल के हालात चिंता का विषय हैं। इस घटना को अंजाम देने वाले लोगों की मानसिकता बहुत ही खतरनाक है। ऐसे लोगों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इन लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आरक्षण और देश भर में जातीय जनगणना को लेकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 1 सितंबर को धरने पर बैठेंगे। इस पर चिराग ने कहा कि बिहार में जातीय जनगणना तो आप पहले ही करा चुके हैं। आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन प्रावधानों के साथ कहीं छेड़छाड़ नहीं की जाएगी तो इसके बाद राजनीति करने का क्या मतलब है । उन्होंने आगे कहा कि जहां तक जातीय जनगणना की बात है बिहार में तो जाति आधारित जनगणना हो चुकी है। अन्य राज्यों में जहां चिंता है वहां की गठबंधन सरकारें जातीय जनगणना क्यों नहीं करातीं। कांग्रेस या इंडिया गठबंधन की सरकार वाले राज्यों में जाति आधारित जनगणना क्यों नहीं होती। बिहार में धरना देने का क्या मतलब है। चिराग ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव बिना मतलब की राजनीति कर रहे हैं और वह एक बात कहते हैं और दूसरी करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.