भाजपा नेता बीबी त्यागी ने थामा “आप” का दामन

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के भारतीय जनता पार्टी  के वरिष्ठ नेता बीबी त्यागी ने सोमवार को आम आदमी पार्टी  का दामन थाम लिया। “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दो बार के भाजपा से पार्षद,  निगम में स्थाई समिति के अध्यक्ष और नेता सदन रह चुके बीबी त्यागी को आधिकारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता दिलाई। श्री केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि बीबी त्यागी का “आप” परिवार में स्वागत है।
दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पार्टी मुख्यालय में श्री त्यागी को पार्टी की टोपी और पटका पहनाते हुए इसकी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली आज एक तरफ काम करने और दूसरी तरफ काम रोकने की राजनीति देख रही है। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि दिल्ली में अच्छे स्कूल, अस्पताल बने। श्री सिसोदिया ने कहा  मैं बीबी त्यागी के काम और उनकी राजनीति को बहुत लंबे समय से देख रहा हूं। वह जमीन से जुड़े हुए नेता हैं। जब मैं खुद पत्रकार था  तो इनके क्षेत्र में ही रहता था और देखता था कि वहां एक नेता के रूप में यह किस तरह काम करते थे। मेरा भी हमेशा मन था कि बीबी त्यागी जैसी राजनीति करते हैं उसकी सही जगह आम आदमी पार्टी में ही है। “आप” नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है। पिछले कई दिनों से आम आदमी पार्टी परिवार में दिल्ली और दिल्ली के मुद्दों पर संघर्ष करने वाले कई बड़े.बड़े लोग शामिल हो रहे हैं। कुछ दिन पहले ब्रह्म सिंह तंवर पार्टी में शामिल हुए थे। उसी कड़ी में आज दिल्ली के प्रमुख चेहरे बीबी त्यागी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.