केजरीवाल ने दिया हर बूथ पर पार्टी को जिताने का मंत्र

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यहां किराड़ी और तिलक नगर विधानसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए हर एक बूथ पर पार्टी को जीत दिलाने का मंत्र दिया। श्री केजरीवाल ने सोमवार को विधानसभावार जिला सम्मेलन कार्यक्रम की शुरुआत में किराड़ी और तिलक नगर विधानसभा में जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें अपने-अपने विधानसभा में हर एक बूथ पर आम आदमी पार्टी को जीत दिलाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले पूरे देश में कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार लाओ, लेकिन दिल्ली की जनता डबल इंजन के चक्कर में न पड़े क्योंकि यह एक छलावा है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश,  महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है लेकिन दिल्ली की तरह कहीं भी मुफ़्त बिजली, पानी, शिक्षा और इलाज नहीं मिलता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी स्कूल ठीक हुए। भाजपा की 20 राज्यों में सरकार है लेकिन इनसे स्कूल ठीक नहीं हो रहे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को घर-घर जाकर जनता को यह बताना है कि अगर केजरीवाल चला गया तो बिजली बहुत महंगी हो जाएगी, घर चलाना मुश्किल हो जाएगा। जनता को बताना कि अगर यकीन न हो तो उत्तर प्रदेश,  हरियाणा और गुजरात में अपने रिश्तेदारों से फोन करके पूछ लें कि कितनी महंगी बिजली है। छोटे-छोटे गरीब लोगों के हजारों रुपए के बिल आते हैं। पूरे देश में अकेला दिल्ली और पंजाब है जहां बिजली मुफ्त है। श्री केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के 18 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। पिछले पांच साल में लगभग दस लाख बच्चे सरकारी स्कूलों से पास कर चुके हैं। यह 28 लाख परिवार हैं जिनके बच्चों को हमने अच्छा भविष्य दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.