दिल्ली में बिजली के तारों को किया जायगा भूमिगत
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में बिजली की ऊपरी तारों को भूमिगत करने के पहले पायलट प्रोजेक्ट का शनिवार को शुभारंभ किया।
श्रीमती गुप्ता ने यहां बताया कि इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को लगभग तीन महीने की अवधि में पूरा किया जाएगा। इस कार्य से न केवल दिल्ली की सौंदर्य छवि को निखारा जाएगा, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित किया जाएगा। इससे शालीमार बाग के बीएच ब्लॉक जनता फ्लैट्स में रहने वाले लगभग 5500 परिवार लाभान्वित होंगे और क्षेत्र की छवि भी बेहतर होगी। इस पूरी योजना के कार्यान्वयन के बाद नागरिकों को हर मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू किया गया यह कार्य जिसमें ओवरहेड वायरिंग को भूमिगत किया जा रहा है, दिल्ली के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट है। यह तकनीकी विकास के साथ-साथ एक स्पष्ट विजन का प्रतीक है जिससे राजधानी की ऊर्जा व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बन सकेगी। तारों की खुली और अव्यवस्थित व्यवस्था से शहर की सुंदरता प्रभावित होती है और नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
उन्होंने कहा कि अब दिल्ली सिर्फ एक राजधानी नहीं, बल्कि एक स्मार्ट, ऊर्जा.सक्षम और हरित ऊर्जा को अपनाने वाला आधुनिक शहर बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हर घर को निर्बाध बिजली आपूर्ति, उद्योगों के लिए स्थायी समाधान और पर्यावरण के अनुकूल ढांचा, यही है हमारी दिल्ली का भविष्य।
