शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर पुलिस ने कसी कमर

पटना के 150 कुख्यातों पर लगेगा सीसीए

पटना। बिहार में इस साल होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर अब प्रशासन ने भी कमर कस ली है। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है।
विदित हो कि कार्तिकेय शर्मा को हाल ही में पटना का पुलिस कप्तान बनाया गया है और इनके सामने अपराध पर अंकुश लगाना एक चुनौति है। हालांकि यह एक तेज तर्रार पुलिस कप्तान है और कार्यभार संभालते ही अपराध नियंत्रण की दिशा में कदम उठा लिया है। शनिवार को पटना में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने थानाध्यक्षों की मीटिंग में निर्देश दिया कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में एक चेक पोस्ट बनाया जाएगा। सभी आइओ को प्रति महीने कम से कम छह केस का निबटारा करना है। एसएसपी ने सख्त निर्देश दिया कि केस निबटारा और क्राइम कंट्रोल में सुस्ती बर्दास्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने इसे लेकर तीन थानाध्यक्षों को फटकार लगाते हुए उन्हें सुधरने की चेतावनी भी दी। पुलिस कप्तान ने सभी को अपने-अपने क्षेत्र में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर पटना पुलिस अब कुख्यात अपराधियों पर सीसीए लगाने की तैयारी में भी है। पटना जिले के 150 कुख्यात अपराधियों पर सीसीए लगाया जाएगा। 70 अपराधियों की पहचान करके पुलिस ने उनका नाम सीसीए के लिए फाइनल कर लिया है। जेल से बाहर निकलने वाले अपराधियों पर सीसीए लगाया जाएगा ताकि उन्हें जिला बदर किया जा सके या फिर उन अपराधियों की थाने में हाजिरी लगवायी जाएगी। जेल में बंद वैसे अपराधी जिनपर सीसीए लगाया जाएगा वो एक साल तक जमानत नहीं ले सकेंगे। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने पटना जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वो अपने-अपने इलाके के अपराधियों को थाने बुलाकर हर रविवार को परेड कराएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.