अपराध पर बयानबाजी बना फैशन : सुमन

पटना। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर)  के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने एक बयान में कहा कि अपराध पर बयानबाजी करना और मीडिया में सुर्खियां बंटोरना एक फैशन बन गया है।
श्री सुमन ने कहा कि मीडिया में बने रहने की यह प्रवृति राजनीतिक विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रही है।
मंत्री ने तर्क दिया कि बिहार संगठित और सत्ता संरक्षित अपराध की छवि से काफी आगे निकल चुका है। संगठित अपराध के मामले में बिहार का देश में 19वां स्थान है और महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध की सूची में बिहार राष्ट्रीय औसत से काफी नीचे है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आज पुलिस को अपराध के विरुद्ध त्वरित और कड़ी कारवाई करने की पूरी छूट है। थानों में सिफारिशी फोन करने का दौर अब बीत चुका है।  सुमन ने राज्य में बिगड़ी कानून. व्यवस्था की बात करने वालों को बयानवीर बताया और उन्हें नसीहत दी कि पहले तथ्यों का मूल्यांकन कर उन्हें समझने की कोशिश करें। उन्होंने अपराधियों को मंच पर बुलाकर अपने पक्ष में नारेबाजी करवाने वाले नेताओं की नीयत पर सवाल उठाया और ऐसे नेताओं को चेतावनी दी कि राजनीति में मूल पूंजी जनता का भरोसा है और इसे खो देने के बाद वापस पाना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि जनता को बार- बार भ्रमित करना संभव नहीं है क्योंकि अब वह हर बात समझती और परखती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.