“वोट अधिकार यात्रा” को मंत्री सुमन ने नौटंकी करार दिया
कहा-बैलेट बॉक्स से जिन्न निकालने वाले कर रहे वोटों के अधिकार की बात
पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद).कांग्रेस की राज्य में पिछले एक सप्ताह से जारी “वोट अधिकार यात्रा” पर तंज कसते हुए कहा कि बूथ लूट कर बैलेट बॉक्स से जिन्न निकालने वाले आज वोट के अधिकार की बात कर रहे हैं। श्री सुमन ने कहा कि बोगस एवं फर्जी वोटरों के बचाव में यात्रा का ढोंग करने वालों को बताना चाहिए कि वह कौन सा दौर था जब दलितों के लिए वोट देना सपना था। बिहार की जनता ऐसे लोगों के नस-नस से अवगत है। जनता इनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदानकर्मी तक मतदान केंद्रों पर जाने से पहले अपनी जान की सलामती के लिए मनौतियां मांगते थे।
हम अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के लोग आज भी उन दिनों के चुनाव को याद कर सिहर जाते हैं जब चुनाव के दौरान और उसके बाद होने वाली हिंसा में कई-कई दर्जन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी। खुलेआम बूथ लूट लिए जाते थे और विरोध करने वालों को गोलियों से छलनी कर दिया जाता था। तब मतों का हरण कर बैलेट बॉक्स से जिन्न निकालने का आम चलन था। श्री सुमन ने कहा है कि राजद-कांग्रेस के दोनों युवराजों की समझ है कि जनता सब कुछ भूल चुकी है। हकीकत है कि जनता कुछ भी नहीं भूली है। इनकी नौटंकी से जनता भ्रमित नहीं होने वाली है।
