राजस्थान रिफाइनरी के शीघ्र शुरु होने के आसार.

बालोतरा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य एवं केन्द्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से पिछले छह महीनों में बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिण् (एचआरआरएल) के कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई है और अब शीघ्र ही इसका संचालन प्रारंभ हो सकेगा।
श्री शर्मा रविवार को यहां केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ आरएमसीआर में परियोजना समीक्षा बैठक में रिफाइनरी की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि हम पर्यावरण संरक्षण के साथ ही राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने रिफाइनरी की महत्वपूर्ण इकाइयों के शीघ्र कार्यशील होने एवं पूर्ण क्षमता पर संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बैठक में एचपीसीएल अधिकारियों को प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन एवं बैटरी स्टोरेज के लिए नवीन संभावनाएं तलाशने तथा सांभरा में रिफाइनरी द्वारा संचालित होने वाले अस्पताल को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिफाइनरी के उत्पादों की बिक्री संबंधी कार्ययोजना बनाने एवं सम्पूर्ण रिफाइनरी परिसर में अधिकाधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के. के. विश्नोई,  सांसद राजेन्द्र गहलोत,  विधायक हमीर सिंह भायल, डा. प्रियंका चौधरी,  आदूराम मेघवाल,  अरूण चौधरी, पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी तथा  मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न उच्चाधिकारी एवं एचपीसीएल के अधिकारी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.