जौनपुर का ऐतिहासिक भादो छठ मेला 31अगस्त को

जौनपुर। उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा क्षेत्र के स्थानीय गांव में हर वर्ष लगने वाला ऐतिहासिक भादो छठ मेला 31अगस्त रविवार को आयोजित होगा जिसको लेकर दूर-कृदराज से दुकान लगाने वाले लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है और प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के सरायख्वाजा में लगने वाला ऐतिहासिक भादो छठ मेला गांव के प्राचीन सूरज कुंड तालाब के समीप लगता है। लोगों की मान्यता है कि इस दिन तालाब में स्नान ध्यान करने के पश्चात तालाब के समीप बने मंदिर में दर्शन पूजन करने से चर्म रोग की समस्या दूर होती है। लोगों को बीमारियों से निजात मिलती है जिसको लेकर प्रतिवर्ष यहां पर ऐतिहासिक भादो छठ मेला का आयोजन किया जाता है। मेले को लोग किसान मेला भी कहते हैं, क्योंकि यहां पर किसान सामग्री से लेकर बच्चों के खिलौने तक की सामग्री बेची जाती है। हर उम्र के लोग आकर मेले का लुफ्त उठाते हैं।
सरायख्वाजा गांव में लगने वाला ऐतिहासिक भादो छठ मेला में शाहगंज,  गोंडा,  फैजाबाद समेत अलग-अलग स्थान से लोग झूला व खिलौने की दुकान लगाने आते हैं। शनिवार 30 अगस्त से ही मेला स्थल पर लोगों की दुकान सजने लगेंगी। लोग दूर-दराज से आकर मेला स्थल पर ही अपना डेरा जमाए हुए हैं। लोगों का अनुमान है कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष अधिक मेले में बिक्री होगी। सरायख्वाजा से सटे मनवल,  सिद्दीकपुर,  मल्हनी समेत दर्जनों गांव से हजारों लोग इस मेले का लुफ्त उठाने आते हैं। मेला में दुकान लगा रहे दुकानदारों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम लोगों ने मेला से पहले आकर अपने स्थान का चुनाव कर लिया है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष मेले में अच्छी बिक्री होगी। प्रशासन द्वारा लोगों की सुरक्षा को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। मेला के दिन रूट डायवर्जन तथा पुलिस बल की तैनाती को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.