मोदी ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर मान से बात की
हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम को पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की और केन्द्र की ओर से राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार श्री मोदी ने चार दिन की जापान और चीन यात्रा से लौटने के तुरंत बाद श्री मान को फोन कर पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने श्री मान को केंद्र की ओर से स्थिति से निपटने के लिए हर तरह की मदद दिये जाने का भरोसा दिया।
विदित हो कि पंजाब में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश और पहाड़ से आने वाली नदियों में उफान के चलते कई जिलों के शहरों और सैकड़ों गांवों में पानी भर गया है। इससे कृषि और अन्य क्षेत्रों को भारी नुकसान के साथ साथ लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
