“मन की बात” बनी जन-जन की बात : डॉ. जोशी
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आइजीएनसीए) ने अपने संरक्षण और सांस्कृतिक अभिलेखागार विभाग का बुधवार को यहां स्थापना दिवस मनाया। विभाग का स्थापना दिवस हर वर्ष विश्वकर्मा जयंती को मनाया जाता है।
इसके अलग एक कार्यक्रम में “मन की बात” पेंटिंग प्रदर्शनी के क्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के इस लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम पर आधारित पुस्तक इग्नाइटिंग कलेक्टिव गुडनेस पर चर्चा आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में कला केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानन्द जोशी मुख्य अतिथि के रूप में और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री अजय भटनागर सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल थे।
डॉ. जोशी ने कहा कि “मन की बात” जैसा कार्यक्रम शायद दुनिया में अनोखा है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे देशवासियों से जुड़ते हैं, नागरिकों को प्रेरित करते हैं और सामुदायिक जुड़ाव को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम के पहले 100 एपिसोड 100 करोड़ से अधिक लोगों ने सुने हैं और इसका सामुदायिक पहलू सराहनीय है, क्योंकि लोग अक्सर समूह में बैठकर सुनते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों में भी स्वच्छता जैसे मुद्दों की जानकारी साझा करने की आदत विकसित हुई है जो प्रधानमंत्री की गांधीजी की प्रेरणा को दर्शाता है।
