दो वर्तमान महिला विधायकों की जगह उनके पति लड़ेंगे चुनाव

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाईटेड की ओर से अबतक जारी गई सूची के अनुसार दो वर्तमान महिला विधायकों की जगह उनके पति चुनाव लड़ेगे।
मोकामा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की विधायक नीलम देवी की जगह उनके पति बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह और गौड़ाबौराम की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक स्वर्णा सिंह की जगह उनके पति सुजीत कुमार सिंह चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बिहार की हाईप्रोफाइल सीट मोकामा से अनंत सिंह छठी बार चुनावी संग्राम में जोर आजमा रहे हैं। छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह फरवरी 2005 में मोकामा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीते थे। इसके बाद अक्टूबर.नवंबर 2005, वर्ष 2010, वर्ष 2015, वर्ष 2020 में भी उन्होंने चुनाव जीता। हालांकि 15 जुलाई 2022 को एके.47 केस में सजा सुनाए जाने के बाद अनंत सिंह की विधानसभा की सदस्यता चली गई। उसके बाद रिक्त हुई मोकामा विधानसभा सीट पर नवंबर 2022 में हुए उपचुनाव में राजद के टिकट पर उनकी पत्नी नीलम देवी विधायक बनी।
इसी तरह वर्ष 2020 में गौड़ाबौराम सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर स्वर्णा सिंह ने जीत हासिल की थी। हालांकि बाद में वह भाजपा में शामिल हो गई। इस सीट पर स्वर्णा सिंह की जगह उनके पति और पूर्व भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी सुजीत कुमार सिह इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेगे। श्री सिंह हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.