जल संसाधन मंत्री ने 32 कर्मियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

पटना। बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को एक नवनियुक्त सहायक अभियंता तथा अनुकम्पा के आधार पर चयनित 32 कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। श्री चौधरी ने आज यहां आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में एक नवनियुक्त सहायक अभियंता तथा अनुकम्पा के आधार पर चयनित 32 कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। उन्होंने सहायक अभियंता सहित सभी नवनियुक्त कर्मियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभाग में अनुकंपा पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हुई है जो विभाग की दक्षता और संवेदनशीलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आप सभी आज जल संसाधन विभाग से जुड़े रहे हैं। यह केवल नियुक्ति नहीं, बल्कि स्वयं को साबित करने का अवसर है। अपेक्षा है कि नियुक्ति पात्र पाने वाले सभी तत्परता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विभाग और अपने कार्यालय की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विभाग ने आप पर भरोसा जताया है और आपके जीवन में नई शुरुआत का अवसर दिया है तो आप भी अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
श्री चौधरी ने कहा कि नियुक्ति संबंधी मामलों के निष्पादन में विभाग ने गति लाई है जो सराहनीय है। इस मौके पर विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने भी नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उन सभी के जीवन में एक नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 32 साथियों के असामयिक निधन के बाद आज उनके परिजनों को जो अवसर मिला है वह बड़ी जिम्मेदारी है और उम्मीद है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूर्ण निष्ठा से विभाग की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.