असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज

नई दिल्ली। असम में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है और इसके तहत एक बड़ा मेगा प्लान तैयार किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी राज्य के ज्यादातर जिलों से होकर गुजरने वाली यात्रा निकालने की तैयारी में है जिसका नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई करेंगे। इस यात्रा को फरवरी माह में शुरू करने की तैयारी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग चरणों में विभिन्न स्थानों पर शामिल होंगे। कांग्रेस की यह यात्रा हाइब्रिड मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें बस.यात्रा के साथ-साथ पदयात्रा, नुक्कड़ सभाएं और बड़ी जनसभाएं शामिल होंगी। इसके जरिए पार्टी सीधे जनता से संवाद स्थापित करने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि यात्रा के नाम और तारीख को लेकर अंतिम रूप दिया जा रहा है। संभावना है कि संसद सत्र के समाप्त होने के बाद इस यात्रा की शुरुआत की जाएगी। उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी ताकत झोंक रही है और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को चुनावी राज्य में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके और चुनावी बढ़त हासिल की जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.