गन्ना किसानों के हितों के लिए सरकार प्रतिबद्ध : संजय
पटना। बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
श्री कुमार की अध्यक्षता में गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, गन्ना विकास कार्यक्रमों, क्षेत्र विस्तार कार्यों, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मंत्री श्री कुमार ने राज्य में गन्ना उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र स्तर पर योजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के क्रम में गन्ना क्षेत्र विस्तार योजनाए,उन्नत प्रभेदों के बीज वितरण, गन्ना सर्वेक्षण, कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, सिंचाई व्यवस्था, जैविक एवं संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा कीट एवं रोग नियंत्रण सहित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
गन्ना उद्योग मंत्री ने किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा अधिकाधिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे खेती की लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी। बैठक में चीनी मिलों की कार्यप्रणाली, गन्ना आपूर्ति व्यवस्था, पेराई सत्र की तैयारी तथा किसानों के हित में किए जा रहे समन्वयात्मक कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्रीय स्तर पर नियमित भ्रमण कर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने, फसल की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों के संरक्षण और उनकी आय में वृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार, ईखायुक्त अनिल कुमार झा, विशेष कार्य पदाधिकारी प्रीति सिन्हा, संयुक्त ईखायुक्त वेदव्रत कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
