वाराणसी में बनेगा पूर्वांचल का पहला स्पोर्ट्स सिटी सेंटर

अपने पसंदीदा खेलों के लिए कर सकेंगे ऑनलाइन प्री-बुकिंग

वाराणसी। प्राचीनतम नगरी काशी के कायाकल्प को लेकर सैकड़ों योजनाएं मूर्त रूप ले चुकी हैं और कई योजनाओं पर कार्य जारी है। इसी कड़ी में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा नदेसर तालाब के पास एक आधुनिक स्पोर्ट्स सिटी सेंटर विकसित करने की योजना बनाई गई है।
वाराणसी में पूर्वांचल का पहला स्पोर्ट्स सिटी सेंटर विकसित किया जाएगा, जहां नागरिक अपने पसंदीदा खेलों के लिए ऑनलाइन प्री-बुकिंग कर सकेंगे। यह परियोजना न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए एक गेम.चेंजर साबित होगी, जहां फिटनेस, मनोरंजन और प्राकृतिक सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रस्तावित मल्टी स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन में पिकलबॉ, लॉन टेनिस, बॉक्स क्रिकेट और स्केटिंग जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही योगाभ्यास के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया जाएगा। पूरा परिसर दिव्यांगजन.अनुकूल बनाया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने बताया कि इस स्पोर्ट्स सेंटर की एक विशेषता यह होगी कि नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार अपने पसंदीदा खेल के लिए स्लॉट की ऑनलाइन प्री-बुकिंग कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और खिलाड़ियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यह स्थान विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। नदेसर तालाब में बोटिंग की सुविधाए आकर्षक फाउंटेन और हरियाली से भरपूर वातावरण लोगों को सुकून और आनंद का अद्भुत अनुभव प्रदान करेगा। वहीं, आधुनिक फूड ट्रक एवं फूड कोर्ट, ब्रेकफास्ट मिक्स, स्प्राउट्स सहित स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों वाले कैफे की स्थापना से लोगों को बेहतर खानपान की सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.