सुदर्शन पटनायक को किया सम्मानित
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पद्म श्री पुरस्कार विजेता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक को रूस के कालिनिनग्राद क्षेत्र में आयोजित इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ सैंड स्कल्पचर में प्रतिष्ठित रशियन ग्रैंड सैंड मास्टर कप जीतने पर सम्मानित किया।
श्री माझी ने श्री पटनायक को स्मृति.चिह्न भेंट करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वह अपनी असाधारण रचनात्मकता और समर्पण के माध्यम से आगे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करते रहेंगे और प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने श्री पटनायक को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह मशहूर कलाकार रशियन ग्रैंड सैंड मास्टर कप जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं जिससे ओडिशा और देश का मान बढ़ा है। उन्होंने इस उपलब्धि को श्री पटनायक की असाधारण कलात्मक प्रतिभा और वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के प्रति उनके अटूट समर्पण का प्रमाण बताया।
मुख्यमंत्री ने श्री पटनायक की पुरस्कार विजेता सैंड स्कल्पचर (रेत की कलाकृति) मदर नेचर (प्रकृति मां) की भी सराहना की। इस कलाकृति ने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे को उजागर करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और मानवता व प्रकृति के बीच सामंजस्य का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस कलाकृति ने दिखाया कि कला किस तरह भविष्य की पीढ़ियों के लिए पृथ्वी की रक्षा करने की दिशा में वैश्विक जागरूकता और सामूहिक कार्रवाई के लिए प्रेरित कर सकती है। श्री माझी ने दुनिया भर में ओडिशा की समृद्ध कलात्मक विरासत को बढ़ावा देने में श्री पटनायक के उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा की और कहा कि उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान ने ओडिशा और भारत, दोनों का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्री पटनायक की उपलब्धियां देश भर के उभरते कलाकारों को प्रेरित करती रहती हैं।
