नारायणसामी सरकार ने भ्रष्टाचार की गंगा बहाने का काम किया : शाह

चेन्नई। गृह मंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी के कराईकल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नारायणसामी सरकार पर प्रहार किया, कहा कि इस सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगा बहाने का काम किया। उन्होंने कहा कि 15,000 करोड़ रुपये भारत सरकार ने यहां के विकास के लिए भेजे। नारायणसामी की सरकार ने ये 15,000 करोड़ रुपये गांधी परिवार की सेवा में दिल्ली भेज दिया। स्थानीय निकाय के चुनाव लोकतंत्र में बहुत महत्वपूर्ण होते हैं लेकिन यहां 14 वर्षों से हाईकोर्ट के कहने के बाद भी निकाय चुनाव नहीं हुए क्योंकि उन्हें डर था कि चुनाव हुआ तो भाजपा का कमल यहां खिल जाएगा।
श्री शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि पुडुचेरी में ही नहीं बल्कि पूरे देश में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस में योग्यता के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भाजपा ने उनकी सरकार को गिराया है। आपने मुख्यमंत्री ऐसा व्यक्ति बनाया था जो अपने सबसे बड़े नेता के सामने अनुवाद करने में भी झूठ बोले, इस तरह के व्यक्ति को आपने मुख्यमंत्री बनाया। उनकी नजर पुडुचेरी के विकास के लिए नहीं उठी। गांधी परिवार की सेवा करने में और चरण स्पर्श करने में ही उनका ध्यान रहता था। कांग्रेस पार्टी वंशवाद और परिवारवाद के कारण केवल पुडुचेरी में ही नहीं पूरे देश में बिखर रही है।
श्री शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने पूछा था कि मत्स्य विभाग क्यों नहीं है। मैं लोगों से जानना चाहता हूं कि क्या वे ऐसा नेता चुनना चाहते हैं जो यह न जानता हो कि मत्स्य विभाग 2 वर्षों, 2019 से अस्तित्व में है। कांग्रेस ने पुडुचेरी में आइटी पार्क लाने का वादा किया था। मैं नारायणसामी जी को पूछना चाहता हूं 5 साल खत्म हो गए आपका वो आइटी पार्क कहां है। हमें पता दे दीजिए हम जाकर देख लें। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर कह रहा हूं कि अगले चुनाव में पुडुचेरी में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 115 से ज़्यादा योजनाओं को यहां भेजकर पुडुचेरी के सर्वांगीण विकास के लिए कदम आगे बढ़ाए है। मगर यहां एक सरकार थी जो छोटी राजनीति करना चाहती थी । इनके मन में डर था कि अगर पुडुचेरी में ये योजनाएं लोकप्रिय होती हैं तो उनकी नींव खत्म हो जाएगी।बता दें कि चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। दोनों जगह एक ही एक चरण में छह अप्रैल को मतदान होगा और दो मई को परिणाम आएंगे।
