एन. वी. रमना होंगे देश के अगले मुख्य न्यायाधीश

चीफ जस्टिस बोबडे ने सरकार को भेजी सिफारिश


नई दिल्ली ।  सुप्रीम कोर्ट के सीनियर जस्टिस एन. वी. रमना होंगे देश के अगले मुख्य न्यायाधीश। मौजूदा चीफ जस्टिस एस. ए. बोबडे  ने उनके नाम की सिफारिश सरकार को भेजी है। पिछले दिनों ही सरकार ने उनसे  अपने उत्तराधिकारी के तौर पर नाम भेजने को कहा था।
विदित हो कि चीफ जस्टिस एस. ए. बोबडे  23 अप्रैल को अपने पद से रिटायर होने वाले हैं। इसके बाद एन. वी. रमना शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कामकाज देखेंगे। मौजूदा चीफ जस्टिस एस. ए. बोबडे  के बाद एन. वी. रमना उच्चतम न्यायालय के सबसे वरिष्ठ जज हैं। उनका कार्यकाल 26 अगस्त 2022 तक होगा। आंध्र प्रदेश के रहने वाले एन. वी. रमना वर्ष 2000 में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में स्थायी जज के तौर पर चुने गए थे। फरवरी 2014 में सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर नियुक्ति से पहले वह दिल्ली हाई कोर्ट में थे। 63 वर्षीय नुथालपति वेंकेट रमना ने 10 फरवरी 1983 से अपने न्यायिक कॅरियर की शुरुआत की थी। उन्होंने आंध्र प्रदेश से वकील के तौर पर शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट, आंध्र प्रदेश एडमिनिस्ट्रेटिव ट्राइब्यूनल के अलावा सुप्रीम कोर्ट में भी वकालत की थी। इन्हें संवैधानिक, आपराधिक और इंटर.स्टेट नदी जल बंटवारे के कानूनों का खास जानकार माना जाता है। करीब 45 साल का लंबा अनुभव रखने वाले एन. वी. रमना सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसले सुनाने वाली संवैधानिक बेंच का हिस्सा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.