महाराष्ट्र मामले पर भाजपा नेताओं ने की राज्यपाल से मुलाकात


मुंबई। मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह के लेटर में होम मिनिस्टर पर लगाए आरोपों को लेकर पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को सुबह बीजेपी के कई नेताओं के साथ गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद फडणवीस ने कहा कि यह दुख की बात है कि पूरे मामले पर सीएम उद्धव ठाकरे चुप हैं। शरद पवार ने दो दिन तक बचाव किया हैए जबकि कांग्रेस अस्तित्व में नहीं दिख रही है। उन्होंने एक बार फिर से महाविकास अघाड़ी सरकार को महावसूली सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से चुप्पी बरती है उसे बताना चाहिए कि उसे इसके लिए कितना हिस्सा मिला है। उन्होंने कहा कि हमने गवर्नर के सामने पूरा मामला रखा है। हमें उम्मीद है कि इस मसले पर गवर्नर को बात करनी चाहिए और सीएम से पूछना चाहिए कि आखिर उन्होंने इस पर क्या कार्रवाई की है। होम मिनिस्टर अनिल देशमुख पर पूर्व कमिश्नर की ओर से लगाए आरोपों के बाद से बीजेपी सूबे की गठबंधन सरकार पर हमलावर है और इस्तीफे की मांग कर रही है। पूर्व पुलिस कमिश्नर ने सीएम को लिखे अपने एक लेटर में आरोप लगाया था कि अनिल देशमुख की ओर से मुंबई पुलिस को महीने में 100 करोड़ रुपये की उगाही करने का टारगेट दिया गया था। बता दें कि परमबीर सिंह का मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से ट्रांसफर कर दिया गया है और अब वह डीजी होमगार्ड्स की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.