यूपी : सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के बीच होगा सातवें चरण का मतदान
लखनउ। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच होगा यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सातवें और अंतिम चरण का चुनाव। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस.प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ सभी तैयारी कर ली हैं।
बताया जाता है कि अंतिम चरण के चुनाव में दो जिले ऐसे हैं जोकि नक्सल प्रभावित माने जाते हैं। इसके अलावा अंतिम चरण में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में प्रशासन कहीं से किसी भी प्रकार का रिस्क लेने के मूड में नहीं है और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रही है। दरअसल, 7 मार्च को सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान होना है। इस चरण में राज्य के 9 जिलों की 54 सीटों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के अलावा आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र जिले की 54 सीटों पर वोटिंग होगी। ऐसे में प्रशासन ने सभी संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा के नजरिए से चाक चौबंद इंतजाम कर लिए हैं। नौ जिलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इसके अलावा दबंग छवि के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसारए मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र के लिए अलग से प्लान तैयार किया गया है। दरअसल इन तीनों जिलों को आंशिक तौर पर नक्सल प्रभावित माना जाता है। तीनों जिलों में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया गया है। इसके अलावा स्थानीय पुलिस टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत उसपर अंकुश के लिए प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है। सभी बूथों पर पुलिस, पीएसी, होमगार्ड्स व पीआरडी के जवानों का पहरा रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की गडवडी की आशंका न हो। असमाजिक तत्वों से भी निपटने को सख्त निर्देश जारी किया गया है।
