पीएम मोदी ने देशवासियों को दी छठ पूजा की बधाई

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने रविवार को मन की बात के 94वें एपिसोड की शुरुआत में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की बधाई देते हुए की। इसके बाद उन्होंने ने सोलर एनर्जी, स्पेस सेक्टर, स्टूडेंट पावर पर भी बात की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज देश के कई हिस्सों में सूर्य उपासना का महापर्व छठ मनाया जा रहा है। छठ पर्व का हिस्सा बनने के लिए लाखों श्रद्धालु अपने गांव, अपने घर, अपने परिवार के बीच पहुंचे हैं। मेरी प्रार्थना है कि छठ मैया सबकी समृद्धि, सबके कल्याण का आशीर्वाद दें।    उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना की परंपरा इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति हमारी आस्था का प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव है। इस पूजा के जरिये हमारे जीवन में सूर्य के प्रकाश का महत्व समझाया गया है। साथ ही ये सन्देश भी दिया गया है कि उतार.चढ़ाव जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि छठ का पर्व  एक भारत श्रैष्ठ भारत का भी उदाहरण है। आज बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के जिस भी कोने में हैं, वहां धूमधाम से छठ का आयोजन हो रहा है। दिल्ली, मुंबई समेत महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों और गुजरात के कई हिस्सों में छठ का बड़े पैमाने पर आयोजन होने लगा है।
गुजरात के बारे में उन्होंने कहा कि पहले गुजरात में उतनी छठ पूजा नहीं होती थी, लेकिन समय के साथ आज करीब-करीब पूरे गुजरात में छठ पूजा के रंग नजर आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि ये देखकर मुझे भी बहुत खुशी होती है। आजकल हम देखते हैंए विदेशों से भी छठ पूजा की कितनी भव्य तस्वीरें आती हैं। जानकारी हो कि पीएम मोदी अपने मन की बात कार्यक्रम में कई अन्य मुद्दों पर भी देशवासियों से चर्चा की साथ ही सुबह-सुबह पीएम ने देशवासियों को ट्वीट कर छठ महापर्व की बधाई भी दी।
सोलर एनर्जी का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि सूर्य देव का ये वरदान है सौर उर्जा। सोलर एनर्जी आज एक ऐसा विषय है जिसमें पूरी दुनिया अपना भविष्य देख रही है और भारत के लिए तो सूर्य देव सदियों से उपासना ही नहीं जीवन पद्धति के भी केंद्र में रह रहे हैं। भारत आज अपने पारंपरिक अनुभवों को आधुनिक विज्ञान से जोड़ रहा है तभीए आज हम सौर ऊर्जा से बिजली बनाने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल हो गए हैं। सौर ऊर्जा से कैसे हमारे देश के गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन में बदलाव आ रहा है वो भी अध्ययन का विषय है। पीएम ने कहा कि आपने कुछ दिन पहले देश के पहले सूर्य गांव. गुजरात के मोढेरा की खूब चर्चा सुनी होगी। मोढेरा सूर्य ग्राम के ज्यादातर घर सोलर पावर से बिजली पैदा करने लगे हैं। अब वहां के कई घरों में महीने के आखिर में बिजली का बिल नहीं आ रहा बल्कि बिजली से कमाई का चेक आ रहा है। पीएम ने यहां के लोगों से भी बात की। पीएम ने कहा कि हमारा देश सोलर सेक्टर के साथ ही स्पेस सेक्टर में भी कमाल कर रहा है। पूरी दुनिया आज भारत की उपलब्धियां देखकर हैरान है। भारत ने एक साथ 36 सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में स्थापित किया है। दीपावली से ठीक एक दिन पहले मिली ये सफलता एक प्रकार से ये हमारे युवाओं की तरफ से देश को एक स्पेशल दिवाली गिफ्ट है।
उन्होंने कहा कि कई बार हम देखते हैं कि जब स्टूडेंट पावर की बात होती है तो इसको छात्रसंघ चुनावों से जोड़कर उसका दायरा सीमित कर दिया जाता है। लेकिन स्टूडेंट पावर का दायरा बहुत बड़ा है, बहुत विशाल है। स्टूडेंट पावर भारत को पावरफुल बनाने का आधार है। आज जो युवा हैं, वही तो भारत को 2047 तक लेकर जाएंगे। जब भारत शताब्दी मनाएगा, युवाओं की ये शक्ति, उनकी मेहनत, उनका पसीना, उनकी प्रतिभा, भारत को उस ऊंचाई पर लेकर जाएगी जिसका संकल्प देश आज ले रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.