गुजरात राज्य का चेहरा बदलेंगे: केजरीवाल

सूरत। गुजरात निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की सफलता से सूरत पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यहां नवनिर्वाचित पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें इस शानदार जीत के लिए बधाई दी। सूरत पहुंचने पर आप कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर केजरीवाल ने इस जीत को गुजरात में नई राजनीति की शुरुआत बताया है।
उन्होंने कहा कि जब से नतीजे आए हैं, मैं बीजेपी और कांग्रेस के लोगों के बयान सुन रहा हूं। वो बौखलाए और डरे हुए हैं। हमें पता है है कि वे आपसे या आम आदमी पार्टी से नहीं डरते हैं। वे उन लोगों से डरे हुए हैं जिन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट दिया। हम 27 हैं, वो 93 हैं। नंबर से कोई फर्क नहीं पड़ता, हमारा एक-एक आदमी दस-दस पर भारी पड़ेगा। आपको सूरत की जनता ने विपक्ष की भूमिका दी है उन्हें एक भी गलत काम नहीं करने देना।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले यहां 25 साल से बीजेपी शासन कर रही है। ऐसा नहीं है कि वे बहुत अच्छा कर रहे हैं। यहां भी बहुत सारे मुद्दे हैं। देशभर के राज्यों में अलग-अलग दल सत्ता में आते हैं, लेकिन केवल एक ही पार्टी यहां शासन कर रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्होंने अन्य दलों को अपनी जेब में रखा हुआ है। आज पहली बार भाजपा को आंखें दिखाने वाला कोई मिला तो जनता ने आम आदमी पार्टी को सिर-आंखों पर बैठा लिया। उन्होंने कहा कि मैं आपको फिर से आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाएगा। गुजरात में नई राजनीति का दौर शुरू हुआ है। यह ईमानदारी की राजनीति, काम की राजनीति, स्कूलों.अस्पतालों को ठीक करने की राजनीति और 24 घंटे बिजली मुहैया कराने की राजनीति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम गुजरात के लोगों के साथ मिलकर राज्य का चेहरा बदलेंगे।
