शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर कसा तंज
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। ऐसे में कांग्रेस में मंथन का दौर जारी है। इस बीच राहुल गांधी ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) से गठबंधन की इच्छा जाहिर की है। इस पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस को पता चल गया है वह जीतने वाली नहीं है। इसलिए लास्ट वक्त में कांग्रेस कुछ उपाय कर रही है।
उन्हांने कहा कि कांग्रेस को मालूम है कि फिर से हरियाणा में भाजपा की सरकार आने वाली है, इसलिए वह किसी से भी गठबंधन करने को कह रहे हैं। भाजपा नेता ने आगे कहा कि उनका कहना है कि गठबंधन आम आदमी पार्टी से कर लो, लेकिन वहां के आम आदमी का गठबंधन तो भारतीय जनता पार्टी ; के साथ है। भाजपा ने दस साल में जो विकास कार्य किए हैं वह सभी को मालूम हैं। भाजपा राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। कांग्रेस कुछ भी कोशिश कर ले या किसी से भी गठबंधन कर ले लेकिन सरकार भाजपा की बनेगी।
बता दें कि राहुल गांधी हरियाणा में लोकसभा की तर्ज पर विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी (आप) से गठबंधन चाहते हैं, लेकिन आप पहले ही राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी कहते आए हैं कि हम अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।
