किसानों ने केएमपी एक्सप्रेस-वे पर किया शक्ति प्रदर्शन

नई दिल्ली। केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी को कानूनी दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं सिंघु बॉर्डर, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन को 100 दिन पूरे हो गए हैं। किसानों ने अपनी पूर्व की घोषणा के अनुसार शनिवार को केएमपी एक्सप्रेस-वे सहित दिल्ली की ओर आने वाले रास्ते जाम कर शक्ति प्रदर्शन किया।
संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक, सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक यह नाकेबंदी रही। पलवल में किसानों ने केएमपी एक्सप्रेस-वे जाम करने के दौरान लोकगीत और रागिनी गाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सभी जगह धरना शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा। इसके मद्देनजर शुक्रवार देर रात से ही सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। वहीं जिलाधिकारियों को खुद व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया था।
