“वोट चोरी” के आरोप पर विपक्ष का प्रदर्शन

खरगे, राहुल, प्रियंका, पवार साहित सैकड़ों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली। संसद में बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा चुनाव आयोग पर “वोट चोरी” कराने के आरोप को लेकर संसद में हंगामा कर रहे इंडिया गठबंधन के 300 से अधिक सांसदों ने सोमवार को यहां संसद भवन परिसर से निर्वाचन कार्यालय तक मार्च किया लेकिन भारी संख्या में तैनात दिल्ली पुलिस कर्मियों ने उन्हें संसद मार्ग पर ही रोक दिया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,  राहुल गांधी,  प्रियंका गांधी,  शरद पवार साहित सैकड़ों सांसदों को हिरासत में ले लिया।
संसद में सुबह लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरु होते ही सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित की गई। इसी बीच 11 विपक्षी दलों के सांसद पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्रित होकर वैनर,  तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए निर्वाचन कार्यालय की तरफ बढ़े।सांसदों का जुलूस नारे लगाते हुए संसद भवन परिसर से बाहर आने के बाद संसद मार्ग की ओर बढ़ने लगा तो आकाशवाणी के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात थे जिन्होंने सांसदों को बैरिकेटर लगाकर रोक दिया। पुलिस के साथ इस दौरान प्रदर्शन कर रहे सांसदों की तीखी नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस के जवानों ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया इसलिए समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव सहित कई सांसदों ने अवरोधकों को पार करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कई सांसद बेरिकेटर के ऊपर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे तो प्रियंका गांधी वाड्रा तथा डिम्पल यादव सहित बड़ी संख्या में महिला सांसद सड़क पर ही बैठकर धरना देने लगे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सांसदों को हिरासत में ले लिया और संसद मार्ग थाने ले गये जहां बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा अस्वस्थ महसूस करने लगी। पुलिस ने सभी सांसदों को बसों में भरना शुरु कर दिया लेकिन श्री खरगे तथा शरद पवार जैसे वरिष्ठ सांसदों को छोटे वाहनों से जाने की अनुमति दे दी। संसद भवन थाने में सभी सांसदों को करीब दो घंटे तक रखा गया। इसी पार्टी की मिताली बाग की थाने में तबियत बिगड़ गयी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कांग्रेस की रेणुका चौधरी की तबियत भी खराब हुयी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.