उपराष्ट्रपति पद के लिए सी. पी. राधाकृष्णन राजग के उम्मीदवार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन  ने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में महाराष्ट्र के राज्यपाल चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक साधारण कार्यकर्ता से उठ कर राजनीति का लम्बा सफर करने वाले 68 वर्षीय श्री राधाकृष्णन को राजग का उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा रविवार शाम को यहां राजग के मुख्य घटक दल भारतीय जनता पार्टी  के संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद की गई।
     भाजपा मुख्यालय पर हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पीण नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह,  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे। श्री नड्डा ने निर्णय की जानकारी देते हुए संवाददाता सम्मेलन में बताया कि श्री राधाकृष्णन को सर्व सम्मति से राजग का उम्मीदवार चुना गया है और सत्तारूढ़ गठबंधन के अन्य दलों से इस बारे में चर्चा हो चुकी है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजग चाहता है कि उप राष्ट्रपति के पद का चुनाव सर्वसम्मति से हो जाय इस विषय में विपक्षी दलों से भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि उपराष्ट्रपति निर्विरोध चुने जाएं। उन्होंने सभी सांसदों से श्री राधाकृष्णन को समर्थन देने की अपील की।
    प्रधानमंत्री मोदी ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में सी. पी. राधाकृष्णन राधाकृष्णन जी ने अपनी लगनए विनम्रता और बुद्धिमत्ता से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और वंचितों के सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने श्री राधाकृष्णन से मुंबई में मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उपराष्ट्रपति का पद श्री जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से रिक्त है। इसके लिए चुनाव आयोग ने आवश्यकता पड़ने पर 9 सितंबर को मतदान कराने के कार्यक्रम की घोषणा की है। इसके लिए नामांकन 21 अगस्त तक भरे जाएंगे। निर्वाचक मंडल में राज्य सभा के सभी सदस्य तथा लोक सभा के सभी निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। निर्वाचक मंडल में भाजपा नीत राजग को स्पष्ट बढ़त होने को देखते हुए श्री राधाकृष्णन का उपराष्ट्रपति चुना जाना एक तरह लगभग तय हो गया है। उपराष्ट्रपति पदेन राज्य सभा के सभापति होते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.