विभिन्न नेताओं ने दी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित विभिन्न नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म की 75वीं वर्षगाठ पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मु ने बुधवार को अपने संदेश में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से मोदीजी ने भारत को नई ऊर्जा, नई दिशा दी है। उन्होंने भारत का सामर्थ्य और सम्मान पूरे विश्व पटल पर बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, कल्पनाशीलता के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता का भी परिचय दिया है। गरीब कल्याण और लोक कल्याण के प्रति जो उनकी प्रतिबद्धता है वह अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ मोदी जी देश को आत्मनिर्भरता, विकास और समृद्धि की दृष्टि से मज़बूती दे रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्राप्त हो ताकि वह भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में लगातार सफल सिद्ध हों।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि समस्याओं को दूरदृष्टि से देखना और उनका पूरी निष्ठा से समाधान करना मोदी जी के व्यक्तित्व की खासियत है। पूरा विश्व उन्हें प्रॉब्लम.सॉल्विंग लीडर मानता है। युद्धों, तनावों और ग्लोबल लॉबी के दौर में मोदी जी पूरी दुनिया के सामने संवाद.सेतु बनकर उभरे हैं। इसी कारण दुनिया के 27 देशों ने विश्व.मित्र मोदी जी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। यह उनकी वैश्विक लीडरशिप का द्योतक है।
जेपी नड्डा ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, नये भारत के शिल्पकार, यशस्वी प्रधानसेवक श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। “सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के ध्येय के साथ श्री मोदी ने सभी वर्ग के उत्थान और आत्मनिर्भर व विकसित भारतष, निर्माण के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में कई युगांतरकारी कदम उठाये हैं। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक प्रतिष्ठा मिली है। आपका कुशल मार्गदर्शन हम सभी कोटिश: भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणापुंज है। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें। स्वस्तिकामनाएं।
योगी आदित्यानाथ ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं, आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर नए भारतश् को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, एक भारत.श्रेष्ठ भारत, की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि और लोक.कल्याण की भावना को जीवन.साधना में उतारने वाले आपके अप्रतिम पुरुषार्थ, संवेदनशील नेतृत्व और अखण्ड कर्मनिष्ठा ने नए भारत को आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्यए दीर्घायु जीवन प्रदान करें जिससे राष्ट्र को आपका सशक्त नेतृत्व और हम सभी को आपका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।
वहीं, नीतीश कुमार ने श्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 में गुजरात के वड़नगर में हुआ था और भाजपा उनके जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के तौर पर मना रही है और 17 सितंबर से लेकर 02 अक्टूर तक देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
