पीएम मोदी ने नवाचार की भावना को सराहा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अनुसंधान एवं नवाचार को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में कहा किआज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हम अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा की उस भावना का उत्सव मना रहे हैं जो हमारे राष्ट्र को आगे बढ़ाती है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर वर्ष 28 फरवरी को मनाया जाता है। इसी दिन 1928 में नोबेल पुरस्कार विजेता सी वी रमन ने रमन प्रभाव (रमन इफेक्ट) की खोज की घोषणा की थी। प्रकाश के प्रकीर्णन से संबंधित इस खोज के लिए उन्हें 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला था और वह यह सम्मान पाने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक बने थे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन सर सी वी रमन द्वारा रमन प्रभाव की ऐतिहासिक खोज की स्मृति में मनाया जाता है। इस खोज ने भारतीय अनुसंधान को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया।
श्री मोदी ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और युवा नवोन्मेषकों के लिए अनुसंधान के अवसरों का विस्तार करने पर सरकार के निरंतर जोर को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हम अपने युवाओं को सशक्त बनाने, अनुसंधान तंत्र को मजबूत करने और राष्ट्रीय विकास तथा वैश्विक कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग के अपने संकल्प को दोहराते हैं। देशभर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान निकायों और विज्ञान संगठनों द्वारा संगोष्ठियों, प्रदर्शनों और जन.जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता हैए जिनका उद्देश्य वैज्ञानिक चेतना को बढ़ावा देना और युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.