पहाड़ी आबादी की मांगों के समाधान का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सिलीगुड़ी में पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्र के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ एक बैठक में उनकी पृथक पहचान तथा अन्य मांगों का संविधान के दायरे में स्थायी राजनीतिक समाधान का आश्वासन दिया।
गृह मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि श्री शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी तथा केन्द्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में पश्चिम बंगाल की पहाड़ी आबादी से संबंधित सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उनकी पृथक पहचान, स्थायी राजनीतिक समाधान और भारत के संविधान के तहत मान्यता संबंधी मांगों को भी बैठक के दौरान उठाया गया। गृह मंत्री ने संविधान के दायरे में इन मुद्दों के शीघ्र स्थायी राजनीतिक समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने समुदाय की अन्य सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भी भरोसा दिलाया और कहा कि केंद्र से पर्याप्त धनराशि से सभी लंबित मुद्दों का समाधान सुनिश्चित होगा। इसके तौर तरीकों को अंतिम रूप देने के लिए पूर्व राष्ट्रीय उप सुरक्षा सलाहकार एवं मौजूदा वार्ताकार पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया जो संविधान के तहत पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्र के लोगों के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में तैयार किए जाने वाले अंतिम समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देगी।
