भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह की बैठक संपन्न

सीमा प्रबंधन और सुरक्षा सहयोग पर दिया जोर

नई दिल्ली। भारत.नेपाल संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक देहरादून में हुई जिसमें दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पाउसोमी बसु ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले ने किया। दोनों पक्षों ने सीमा.पार अपराध और आपराधिक गतिविधियों से निपटने, सीमा अवसंरचना, विशेष रूप से एकीकृत जांच चौकियों, सड़कों और रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और उनका प्रभावी उपयोग करने तथा अतिक्रमण हटाने और सीमा स्तंभों के रखरखाव के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत समन्वय और क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और इन क्षेत्रों में निरंतर संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन और सुरक्षा पर सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की। संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक नेपाल में दोनों पक्षों के लिए सुविधाजनक तिथि पर आयोजित करने पर सहमति बनी ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.