कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया : धर्मेंद्र प्रधान
भुवनेश्वर।”वंदे मातरम्” गायन पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। भाजपा सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के तालचेर में शनिवार (22 अगस्त) को कांग्रेस वर्किंग कमेटी के प्रस्ताव को लेकर कहा कि यह पार्टी कभी भी देश की एकता, उसकी पहचान या उसके स्वाभिमान के साथ खड़ी नहीं रही है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है, यह खुलेआम तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है। कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा देश की जनता के सामने आ गया है।
विदित हो कि दिल्ली में बुधवार को “वंदे मातरम्” पर विवाद को लेकर कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई जिसमे “वंदे मातरम्” के गायन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कहा गया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता “वंदे मातरम्” को लेकर 1937 प्रस्ताव को ही मानेंगे। इसका मतलब साफ है कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में “वंदे मातरम्” के शुरू के 2 पैरा ही गाए जाएंगे। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 1937 में कांग्रेस नेतृत्व की सहमति से जो प्रस्ताव पारित हुआ था, पार्टी उसी का पालन करेगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उस समय महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, रवींद्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस समेत कई टॉप नेताओं की मौजूदगी में जो सहमति बनी थी उसी पर अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 1937 के प्रस्ताव के अनुसार ही “वंदे मातरम्” के शुरूआत के दो पैरा गाएंगे।
