लोजपा के 208 नेता जद यू में हुए शामिल

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी के 208 नेता एक साथ पार्टी छोड़कर जद यू में शामिल हो गए। इस घटना को लेकर लोजपा की ओर से इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जदयू को बिहार बिहारी फर्स्ट मुहिम के गद्दार मुबारक हों। हमारी पार्टी समुद्र मंथन के दौर में है। लोजपा से निकाले गए लोग अब जेडीयू में चले गए।
लोजपा ने कहा कि ग़द्दारों के जद यू में जाने से अब यह तय हो गया है कि अब जद यू जल्द ख़त्म होगी क्योंकि यह लोग जहां भी जाते हैं वहां ग़द्दारी करते हैं। जद यू को ग़द्दार मुबारक । लोजपा की कमान चिराग पासवान के मज़बूत कंधो पर है। बिहार और बिहारी को फ़र्स्ट बनाने के लिए सत्ता को लात मारने वाले शेर का नाम चिराग पासवान है। लोजपा ने कहा कि 24 लाख वोट मतदाताओं ने बिहार फर्स्ट को अपनाया है। बिहार के ग़द्दारों को बिहारी माफ़ नहीं करेगा। आगे सबक़ सिखाएंगे। लोक जनशक्ति पार्टी में बिहार के सपूतों का स्थान है। ग़द्दारों का नहीं, बिहार फ़र्स्ट के नारे के साथ ही पार्टी पूरे बिहार में कार्यक्रम करेगी।
उधर, जदयू में शामिल हुए केशव सिंह ने कहा कि चिराग पासवान पार्टी को अपने अहंकार के साथ चलाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी के सांसद, विधायक को वह कोई दर्जा नहीं देते। किसी नेता से विचार-विमर्श नहीं करते। अकेले ही पूरी पार्टी चलाने की कोशिश करते हैं।
