विदेशी धरती से बनकर आया था राहुल का प्रजेंटेशन : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला करते हुए दावा किया है कि उनके द्वारा वोट चोरी के आरोप वाला पावर प्वांइट प्रजेंटेशन विदेशी धरती से बनकर आया था। इसके साथ ही भाजपा ने उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान और परिणाम पर सवाल उठाने पर कांग्रेसी नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि गलत बयानबाजी करना उनकी आदत बन गई है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी कार्यालय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेशी दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनको देश की धरती से नहीं विदेश से प्यार है। उनको पंजाब,  कश्मीर और हिमाचल में बाढ़ और विभिषिका से कोई लेना देना नहीं है। वह प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने की बजाय विदेश गये। पूनावाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी को विदेश से विशेष लगाव है इसीलिए उनका राजनीतिक कनेक्शन भी विदेशी धरती से है। इसका ताजा सबूत उनके द्वारा उनका पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन है। श्री पूनावाला ने कांग्रेस नेता के वोट चोरी के आरोप वाले पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन पर ही सवाल उठाते हुए उसके विदेश में तैयार होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि तमाम सबूतों और तथ्यों से यह साबित हो गया है कि यह पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन विदेश की धरती पर साजिश के तहत देश विरोधी और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने के लिए तैयार किया गया। उन्होंने विपक्षी नेता से पूछा कि आखिर देश की संप्रभुता पर हमला किसके शह और इशारे पर  राहुल गांधी ने किया। उन्होंने इन मामलों को लेकर विदेशी ताकतों के हस्तक्षेप करने का आरोप भी लगाया।
श्री पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने गलत नैरेटिव फैलाकर संसद सत्र को चलने नहीं दिया और संसद को बंधक बना लिया। यह एक तरह से लोकतंत्र और जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं लेकिन अदालत का हथौड़ा एक बार फिर उनके खिलाफ चला है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मान लिया है कि पार्टी का हाईकमान कोई और है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के एक दिन पहले के उस बयान का कि एक सड़ा आम पूरे टोकरी के आम को खराब कर देता है की चर्चा करते हुए कहा कि अब उनकी पार्टी में खैर नहीं है क्योंकि यह बयान उनके लिए अच्छा साबित नहीं होने जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.