हमें अपनी भाषा, संस्कृति के प्रति गर्व होना चाहिए : रेखा
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि हमें अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति गर्व होना चाहिए और किसी भी स्थिति में उसे हीन भाव से नहीं देखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमें अतीत की गुलामी और अंग्रेज़ी शासन की बेड़ियों से मुक्त होकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और भाषाई विरासत को अपनाना होगा।
श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित “संवादी दिल्ली उत्सव, अभिव्यक्ति का” कार्यक्रम में आज कहा कि हिंदी का संरक्षण और संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसके महत्व को अनुभव कर सकें। उन्होंने कहा कि हिंदी मिट्टी की भाषा है, मन की भाषा है। अपनी मातृभाषा में भाव व्यक्त करने का आनंद किसी और भाषा में संभव नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश को भाषा और संस्कृति से जोड़ने के माध्यम हैं। हमें अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति गर्व होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्मरण किया कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण दिया था तब पूरे विश्व ने उनकी प्रशंसा की थी। आज भी हिंदी विश्वभर में स्वीकार्यता और सम्मान प्राप्त कर रही है।
