“आप” ने पंजाब को हर मोर्चे पर किया बर्बाद : संतोष

जालंधर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है और प्रदेश में नशे तथा कानून.व्यवस्था की स्थिति और खराब हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रही है इसलिए भाजपा को पंजाब की जनता की आवाज बनकर उसके साथ खड़ा होना होगा।
पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर आए श्री संतोष ने जालंधर जोन के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता से लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता तक संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और पुराने तथा नये कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मजबूत टीम तैयार करें। उन्होंने जिला और मंडल अध्यक्षों से वरिष्ठ एवं लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय समितियां गठित की जायें तथा पार्टी का संदेश, विचारधारा और उपलब्धियां घर-घर तक पहुंचाई जायें।
श्री संतोष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब केवल पांच महीने शेष हैं और इस अवधि में पार्टी को मजबूत टीम तैयार करनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मजबूत नेतृत्व, भाजपा की विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किये जा रहे समरसता संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा गुरु रविदास की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
इससे पहले भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने श्री संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है जिसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलेगा। श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने बदलाव के नाम पर पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश में कुप्रबंधन और शोषण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है, पंजाब पर कर्ज का बोझ बढ़ा है और कानून.व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पंजाब के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ही एकमात्र उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.