गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट
गोपालगंज। ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के कारण गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश्वरी पांडेय एवं अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह द्वारा संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिवान डिवीजन के कार्यपालक अभियंता ड्रेनेज के साथ क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया गया।
एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि की जानकारी दी। उन्होंने निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर स्थानांतरित होने का अनुरोध किया। प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया गया कि गंडक नदी के जलस्तर एवं संबंधित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा जरूरत पड़ने पर आमजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने के बजाय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अपर समाहर्ता ने कहा कि विशेष रूप से निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दिए जाने पर तत्काल सहयोग करें।
