बंगाल चुनाव :  कांग्रेस उम्मीदवार रेजाउल हक का निधन


कोलकाता। मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज से कांग्रेस के उम्मीदवार रेजाउल हक का गुरूवार सुबह कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थे। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि गुरुवार को हक की मृत्यु हो गई। वे समसरगंज से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। इस सीट पर सातवें चरण में यानी 26 अप्रैल को वोटिंग होनी है।
सोशल मीडिया में भी कोरोना संक्रमण के बीच नेताओं की रैलियों में आ रही भीड़ को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने पहले ही शुक्रवार दोपहर को एक सर्वदलीय बैठक बुलाने का आह्वान किया है ताकि चुनाव अभियानों के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य के सीईओ और सभी जिला मजिस्ट्रेटों को पश्चिम बंगाल में आठ चरणों के चुनावों में से शेष चार चरणों के लिए रैलियों में कोरोना वायरस से संबंधित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का आदेश दिया है। विदित हो कि पश्चिम बंगाल में बुधवार को 5892 नए मामले सामने आए। 26 फरवरी यानी जिस दिन चुनाव की तारीखों की घोषणा की गई थी उससे यह आंकड़ा 27 गुना से अधिक है। इस बीच विभिन्न राजनीतिक दलों के कुछ अन्य उम्मीदवारों को भी कोरोना संक्रमित होने की खबर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.