ममता के कहे हुए अपशब्द को गिनाया पीएम मोदी ने

गंगारामपुर (दक्षिण दिनाजपुर) । पश्चिम बंगाल में जहां पांचवें चरण का मतदान कराया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर छठवें चरण को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर है। बंगाल में छठवें चरण में बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधनामंत्री नरेंद्र मोदी लगातार रैली कर रहे हैं।
शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर ज़िले के गंगारामपुर में मोदी ने रैली की। इस दौरान मोदी ने कहा कि दीदी की गालियों से मुझे कोई दिक्कत नहीं है। दीदी, आप मुझे जितना कोसना है कोसिए, जितनी गाली देनी हो दीजिए, लेकिन कम से कम बंगाल के कल्चर को तो मत भूलिए। पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता बंगाल की समृद्ध विरासत, यहां के लोगों की वाणी-वर्तन पर गर्व करती है।
प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी को निशाने पर लेते हुए कहा कि 19 मार्च को दीदी ने कहा कि वो मोदी का चेहरा नहीं देखना चाहती। फिर दीदी ने देश के प्रधानमंत्री की तुलना लुटेरे, दंगाई, दुर्योधन, दुशासन से कर दी। 20 मार्च को दीदी ने मुझे श्रमिकों का हत्यारा बताया, दंगा करने वाला तक बताया। मोदी ने कहा कि 26 मार्च को दीदी बोलीं, देश में सिर्फ मोदी की दाढ़ी बढ़ती जा रही है। मोदी के दिमाग के साथ कुछ दिक्कत है, ऐसा लगता है मोदी का कोई स्क्रू ढीला है। 4 अप्रैल को दीदी इस बात पर भड़क गईं कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि क्या मैं भगवान हूं और सुपरह्यूमन हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 12 अप्रैल को दीदी ने कहा कि जहां मैं जाता हूं, वहां दंगे होने लगते हैं। 13 अप्रैल को दीदी ने फिर से मुझे सबसे बड़ा झूठा कहा, मंदबुद्धि कहा। ये लिस्ट बहुत लंबी है, मैंने कुछ ही गालियां आपके सामने प्रस्तुत की हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अरे दीदी, ओ दीदी, आपने बंगाल की गरीब जनता को लूटने वाले तोलाबाजों के कान मरोड़े होते, अपने सबसे प्रिय भाइपो से उठक-बैठक कराई होती तो आज ये दिन ना देखने पड़ते। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप मुझे बताइए कि मुझे चुप रहना चाहिए क्या, जनता की आवाज उठानी चाहिए कि नहीं, बहनों की आवाज उठानी चाहिए कि नहीं, नौजवानों की आवाज उठानी चाहिए कि नहीं, लेकिन जब मैं बोलता हूं तो आप ही देखिए कि मुझे क्या.क्या सुनना पड़ता है। पश्चिम बंगाल में दीदी के करीबी ने एससी वर्ग के लिए भिखारी का उपयोग किया है। ये बाबा साहेब आंबेडकर, श्री श्री हॉरिचन्द ठाकुर, जोगिंद्रनाथ मंडल, जैसी पुण्य आत्माओं के जीवन संघर्ष का बहुत बड़ा अपमान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मां गंगा ने अपने विशाल आंचल में हर तरफ बीजेपी को आशीर्वाद दिया है। 2 मई के बाद इसमें पश्चिम बंगाल भी जुड़ने वाला है।
