प्रयागराज में जल्द लगेंगे चार ऑक्सीजन प्लांट
प्रयागराज। प्रयागराज जिले में अब एक ही फर्म पर ऑक्सीजन की निर्भरता न हो इसके लिए यहां जल्द ही चार नई कंपनियां सीधे तौर पर ऑक्सीजन बनाएंगी। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से कंपनियों को प्रेरित किया जा रहा है। चार लोगों ने अब तक विभाग को सहमति दी है।
बताया जाता है कि जिले में कोरोना काल में ऑक्सीजन की बहुत कमी रही है। मांग के अनुपात में लगभग एक तिहाई ही आपूर्ति हो पा रही है। ऐसे में शासन के निर्देश पर उद्योग विभाग कंपनियों को इसके लिए प्रेरित कर रहा है। उपायुक्त उद्योग अजय चौरसिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि चार कंपनियों ने इसके लिए सहमति दी है। हालांकि प्लांट के लिए मशीनें लगाने का काम कुछ दिनों का है। ऐसे में उत्पादन शुरू होने में डेढ़ महीने का वक्त लगेगा, लेकिन आने वाले दिनों में जिले में मांग बढ़ने पर ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इसके अतिरिक्त नैनी के बीपीसीएल को ऑक्सीजन सिलेंडर बनाने का काम भी दिया जाएगा। इसके लिए मंडलायुक्त की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ऑक्सीजन सिलेंडर व ऑक्सीजन की आपूर्ति पूरी तरह से नियमित होने से भविष्य में भी लोगों को परेशानी नहीं होगी।
विदित हो कि सांसद केशरी देवी पटेल ने शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नैनी में कुछ दिनों से बंद बीपीसीएल प्लांट में ऑक्सीजन सिलेंडर बनाने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि बीपीसीएल में रसोई गैस पूर्व में बनती रही है। ऐसे में अगर यहां ऑक्सीजन सिलेंडर बनना शुरू हो जाएं तो बड़े पैमाने पर लोगों को राहत होगी। ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी न सिर्फ प्रयागराज बल्कि आसपास के जिलों में भी पूरी होगी। इसके पूर्व यहां ऑक्सीजन सिलेंडर बनाने का प्रस्ताव मंडलायुक्त संजय गोयल की ओर से शासन को भेजा जा चुका है।
