छत्रसाल स्टेडियम में भी लगवा सकते हैं टीका : केजरीवाल

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को माडल टाउन स्थित छत्रसाल स्टेडियम में नि:शुल्क ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन सेंटर की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां पर कार सवार के अलावा बाइक सवार या पैदल आकर भी लोग टीकाकरण करा सकते हैं। फिलहाल 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अभी 45 से कम आयु वर्ग के लोगों के लिए टीका उपलब्ध नहीं है, जब मिल जाएगा तो युवा भी ड्राइव थ्रू के जरिये कोरोना रोधी टीका लगवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में एक दिन में 400 लोगों को टीका (कोविशिल्ड) लगा सकते हैं। शनिवार को हमने केवल 200 लाभार्थियों के लिए स्लॉट बुक किया। इसे आने वाले दिनों में प्रतिदिन 400 लाभार्थियों तक बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ लोग संक्रमण के डर से टीका लगवाने के लिए अस्पतालों, डिस्पेंसरी और स्कूलों में जाने से हिचकिचा रहे हैं। ड्राइव-थ्रू वैक्सीनेशन ऐसे लोगों को अन्य व्यक्तियों के संपर्क में आए बिना टीका लगवाने का विकल्प प्रदान कर रहा है। इससे लोगों में विश्वास बढ़ेगा और अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का उपयोग करेंगे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के साथ उत्तरी जिले की जिला अधिकारी ईशा खोसला, मॉडल टाउन के एसडीएम राहुल सैनी व डा. कुसुम अरोड़ा भी उपस्थित थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.