गरीब और असहायों के बीच भोजन वितरण कर रही लॉकेट
कोलकाता। कोलकाता के हुगली से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी घोषणा के अनुसार अब तक दुआरे राशन योजना चालू नहीं की है लेकिन इससे पहले ही दुआरे शराब पहुंचाने की योजना शुरू हो चुकी है। भाजपा सांसद ने आगे कहा कि कोरोना को लेकर राज्य में चल रहे लॉकडाउन के कारण गरीब व असहाय लोगों को दो जून की रोटी के लाले पड़ गए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हमलोगों ने हुगली संसदीय क्षेत्र के 30 स्थानों पर खाना पकाकर उन तक पहुंचा रहे हैं। चटर्जीने चुंचुड़ा स्थित पार्टी कार्यालय आकर गरीबों के लिए भोजन तैयार करने के काम में हाथ बंटाया। उन्होंने भद्रेश्वर इलाके में साइक्लोन यास से तबाह हुए परिवारों के बीच जाकर खाद्य सामग्रियां व तिरपाल बांटे।
सांसद लाकेट चटर्जी ने कहा कि गरीबों व असहायों को भोजन कराने का कार्यक्रम आगामी पांच जून तक जारी रहेगा। हालिया संपन्न बंगाल विधानसभा चुनाव में हुगली संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की हार पर भाजपा सांसद चटर्जी ने कहा कि जनता के फैसले को वह सिर झुकाकर स्वीकार करती हैं, हालांकि बंगाल में पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने काफी मेहनत की थी। चटर्जी ने खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ा था और पराजित हो गई थीं।
