कोरोना म्यूटेशन के संबंध में गहन अध्ययन की जरूरत : योगी
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के सेकेंड स्ट्रेन पर ट्रेस, टेस्ट व ट्रीट के फॉर्मूला से काफी हद तक नियंत्रण पाने वाली योगी आदित्यनाथ सरकार का अगला कदम इसके म्यूटेशन के संबंध में गहन अध्ययन करने का है। टीम-09 से साथ सोमवार को अपने सरकारी आवास पर कोरोना वायरस की समीक्षा बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने थर्ड स्ट्रेन के लिए अभी से तैयार रहने का निर्देश देने के साथ कोरोना म्यूटेशन के संबंध में अध्ययन करने की जरूरत पर बल दिया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना म्यूटेशन के संबंध में गहन अध्ययन की आवश्यकता है। अनेक संस्थान विभिन्न मानकों पर अध्ययन कर भी रहे हैं। ऐसे में सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट के सहयोग से प्रदेश में कोरोना की जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जाए। इस वैज्ञानिक अध्ययन के निष्कर्ष भविष्य में इस महामारी से बचाव में निश्चित ही उपयोगी सिद्ध होंगे।
कोविड- 19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 के साथ बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी से प्रदेश को सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। देश में सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट करने वाले उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल के तीन लाख 10 हजार 783 संक्रमितों की पीक की स्थिति के सापेक्ष एक माह में 88.1 फीसदी की गिरावट हो गई है। वर्तमान में 37,044 कोरोना केस एक्टिव हैं। हमारी रिकवरी दर 96.60 प्रतिशत हो गई है। बीते 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर मात्र 0.5 फीसदी रही। बीते 24 घंटो में 1,497 नए संक्रमित मिले हैं। यह संख्या 24 अप्रैल को आये 38,055 मरीजों की पीक स्थिति के सापेक्ष 36 हजार से अधिक से काफी कम हो गई है। बीते 24 घंटों में 5,491 लोग कोरोना के संमक्रण से उबरे हैं। इस तरह अब तक कुल 16 लाख 37 हजार 944 प्रदेशवासी कोरोना से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
