बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्‍तार आज

पटना। बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्‍तार आज होगा। मिली जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार की कैबिनेट के इस विस्‍तार में भाजपा की ओर से शाहनवाज हुसैन का शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है।
विदित हो कि 16 दिसम्‍बर को सरकार गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल के विस्‍तार को लेकर बिहार की सियासत गर्म थी। इसमें हो रही देरी के कारण विपक्ष जद यू.भाजपा गठबंधन को लेकर लगातार हमलावर था। सोमवार सुबह ही मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिया था कि मंत्रिमंडल विस्‍तार में अब और देरी नहीं होगी। उन्‍होंने अपनी सूची भाजपा को सौंप दी थी। इसके पहले भाजपा में भी अपने कोटे के मंत्रियों को लेकर लम्‍बा विचार विमर्श चल चुका है। सोमवार देर शाम सूत्रों के हवाले से खबर आई कि अंततर: भाजपा ने भी अपने मंत्रियों के नामों पर मुहर लगा दी है। मंगलवार को राजभवन के राजेन्‍द्र मंडपम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है।

याद होगा कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 दिसम्‍बर को 14 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। इनमें भाजपा की ओर से दो उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी शामिल रहीं। सरकार गठन के बाद से ही जनता दल यूनाइटेड की तरफ से कहा जा रहा था कि मंत्रिमंडल विस्‍तार जल्‍द होना चाहिए। सीएम नीतीश कुमार ने भी कहा था कि उनकी तरफ से कोई देर नहीं। भाजपा जैसे ही तय कर लेगी मंत्रिमंडल विस्‍तार हो जाएगा। इसके बाद भी कई तरह के अवरोधों की वजह से मंत्रिमंडल विस्‍तार टल रहा था।
नीतीश कैबिनेट में कौन से नए मंत्री शामिल होंगे अभी अधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं हुआ है लेकिन सूत्रों के हवाले से जिन चेहरों के शामिल होने की चर्चा है उनमें भाजपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन, नीतीश मिश्रा, सम्राट चौधरी, संजय सरावगी, संजीव चौरसिया और नीतिन नवीन के नाम शामिल हैं। उधर जनता दल यूनाइटेड कोटे से बसपा से आए जमा खां, निर्दलीय विधायक सुमित सिंह और पिछड़ा वर्ग से भागीरथी देवी के मंत्री बनने की उम्‍मीद जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.